1.jpg

भाजपा विधायक ने की मंत्री के केरेक्टर की जांच की मांग, किसको बताया घोटालेबाज, देखें वीडियो


चंद्रशेखर जोशी।
करीब पांच सौ करोड रुपए की बेशकीमती प्रोपर्टी को लेकर भाजपा विधायक स्वामी यतीश्चरानंद ने एक बार फिर अपनी ही सरकार के शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक पर हल्ला बोला है। एक दिन पहले उन्होंने संपत्ति पर कब्जा करने और हरिद्वार की धार्मिक संपत्तियों को हडपने का षडयंत्रकारी बताया था। यही नहीं छात्रवृत्ति घोटाले के आरोपियों को शह देने का आरोप भी लगाया था। वहीं शुक्रवार को स्वामी यतीश्वरानंद आर्य समाज के प्रतिनिधियों के साथ प्रेस से दोबारा मुखातिब हुए और उन्होंने गुरुकुल महाविद्यालय पर कब्जा करने के आरोपों को लेकर मंत्री मदन कौशिक को फिर से घेरा।
see video here

स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि शहरी विकास मंत्री धार्मिक संपत्तियों को कब्जाना चाहते है। इसलिए इस पूरे मामले की जांच की जानी चाहिए। यही नहीं उन्होंने मंत्री मदन कौशिक के केरेक्टर की जांच करने की भी मांग कर डाली। उन्होंने कहा कि उनके आचरण की जांच की जानी चाहिए, वो क्या करते हैं इन सब मामलों को जांच में शामिल किया जाना चाहिए। उन्होंने इस मामले की सीबीआई से जांच कराने की भी मांग की।
गौरतलब है कि गुरकुल महाविद्यालय की संचालन समिति को लेकर स्वामी यतीश्वरानंद गुट और दूसरे गुट जिसकी अगुवाई अनिल गोयल कर रहे हैं में विवाद चला आ रहा है। अनिल गोयल ​महाविद्य़ालय परिसर में स्वामी दर्शनानंद संस्थान चला रहे हैं। बताया जा रहा है कि अनिल गोयल को शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक का समर्थन प्राप्त है। इसलिए ये गुट स्वामी यतीश्वरानंद पर भारी पड रहा है। स्वामी यतीश्वरानंद ने अनिल गोयल पर भी हल्ला बोलते हुए कहा कि स्वामी दर्शनानंद के नाम पर छात्रवृत्ति घोटाले किए जा रहे है। इसका आरोपी अनिल गोयल संपत्ति को खुर्दबुर्द करना चाहता है। इस दौरान मुख्य अधिष्ठाता बलवंत सिंह चैहान, स्वामी सुचेतानंद, स्वामी विश्वानन्द सरस्वती, मास्टर मेनपाल आर्य, जगपाल आर्य, यशवीर आदि भी मौजूद रहे।
——————
अनिल गोयल ने स्वामी यतीश्वरानंद पर बोला हल्ला
शुक्रवार को दूसरा पक्ष की ओर से मध्य हरिद्वार में एक प्रेस वार्ता की गई। इसमें गुरुकुल महाविद्यालय की संचालन समिति में उप मंत्री अनिल गोयल ने लगाए सभी आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि स्वामी यतीश्वरानंद के दावों में कोई जान नहीं है। उन्होंने कहा कि अंतरंग सभा की बैठक में आगे की कार्रवाई करने पर निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय की भूमि को खुर्दबुर्द करने की नीयत से ही विवाद को उत्पन्न किया जा रहा है। शिक्षा को प्रभावित किया जा रहा है। लगातार असामाजिक तत्वों द्वारा महाविद्यालय के माहौल को बिगाड़ने की कोशिशें की जा रही हैं। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने की मांग की। जल्द ही मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से इस संबंध में मिला जाएगा। इस दौरान अजय सिंह चैहान, क्षेत्रपाल सिंह, नीरज चैहान, अश्वनी चैहान आदि भी मौजूद रहे।

Share News