चंद्रशेखर जोशी।
नैनीताल पुलिस ने 13 दिन पहले कालाढूंगी क्षेत्र में मिली महिला की लाश की गुत्थी सुलझाते हुए महिला की हत्या के आरोप में पति और उसके दोस्त को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पति को अपनी पत्नी के अवैध संबंधों का शक था और इसी कारण उसने पहले गला दबाकर हत्या की और इसके बाद उसे जला दिया। वहीं दूसरी ओर बताया जा रहा है कि मृतक महिला दिल्ली में छोटे मोटे सीरियलों में काम करती भी और मुंबई जाकर बडी एक्ट्रेस बनना चाह रही थी। महिला मूलत: दिल्ली की रहने वाली है।
—————
कैसे हुआ खुलासा
एसएसपी सुनील कुमार मीणा ने बताया कि 30 जनवरी को कालाढूंगी क्षेत्र में एक खेत में एक शव जला हुआ मिला था। सीसीटीवी फुटेज से एक कार का सुराग मिला तो पुलिस कार के स्वामी तक पहुंची जिसने बताया कि कार उसका जीजा कुलदीप निवासी कालाढूंगी लेकर गया है। कुलदीप पहले पुलिस कहानी बताता रहा लेकिन बाद में पुलिस के सामने वो टूट गया और सारी कहानी बता दी। उसने बताया कि दिल्ली निवासी रविंद्र पाल उसका दोस्त है। रविंद्र ने उसे फोन पर बताया था कि उसकी पत्नी अनीता और एक व्यक्ति के बीच अवैध संबंध चल रहे हैं। रविंद्र की पत्नी अनीता मुंबई में जाकर टीवी सीरियलों में काम करना चाहती है। पुलिस ने बताया कि कुलदीप और रविंद्र ने अनीता की हत्या की साजिश रच डाली और कुलदीप ने अनीता को कालाढूंगी लाने के लिए बोला, जहां दोनों ने उसका गला दबाकर हत्या कर दी और इसके बाद शव को बैलपड़ाव पुलिस चौकी क्षेत्र के एक खेत में उसके शव को जला दिया।